छत्तीसगढ़ की जशपुर पुलिस लाइन में शुरू हुआ अनोखा ‘हेलमेट बैंक’, CM साय ने 1000 हेलमेट से किया शुभारंभ

Helmet Bank Jashpur. सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकने और यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए जशपुर पुलिस ने एक अनूठी पहल की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर पुलिस लाइन में ‘हेलमेट बैंक’ का विधिवत शुभारंभ किया। इस बैंक में शुरुआती तौर पर 1000 हेलमेट उपलब्ध कराए गए हैं, जो जरूरतमंद दोपहिया वाहन चालकों को अस्थायी तौर पर दिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री साय ने इस नवाचार की सराहना करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।

कैसे काम करेगा ‘हेलमेट बैंक’?

जशपुर पुलिस द्वारा संचालित इस बैंक की कार्यप्रणाली बेहद व्यावहारिक और जनहितैषी है:

  • अचानक जरूरत पर मदद: किसी आवश्यक कार्य से अचानक निकलने वाले ऐसे चालक जिनके पास हेलमेट नहीं है, या जो तुरंत हेलमेट खरीदने में आर्थिक रूप से असमर्थ हैं, उन्हें यहां से अस्थायी रूप से हेलमेट दिया जाएगा।

  • वापसी का नियम: नागरिक अपना जरूरी कार्य पूरा करने के बाद स्वयं का नया हेलमेट खरीदकर लाएंगे और पुलिस का हेलमेट बैंक में वापस जमा करेंगे।

  • जागरूकता में भागीदारी: हेलमेट लौटाने के साथ ही चालकों को सड़क सुरक्षा से जुड़े एक छोटे से जागरूकता सेवा कार्य में पुलिस का सहयोग भी करना होगा।

चालान नहीं, सुरक्षा की आदत: नया हेलमेट खरीदो, रसीद दिखाओ और गाड़ी ले जाओ

जशपुर पुलिस बिना हेलमेट चलने वालों के खिलाफ एक सुधारात्मक विशेष अभियान भी चला रही है:

  • बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों की गाड़ी जब्त की जा रही है।

  • वाहन चालक को नया हेलमेट खरीदकर उसकी रसीद पुलिस को दिखानी होगी।

  • रसीद प्रस्तुत करते ही बिना चालान काटे वाहन छोड़ दिया जाता है।

    इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को दंडित करना नहीं, बल्कि उनमें हेलमेट पहनने की नियमित आदत विकसित करना है।

‘हर सिर पर हेलमेट, सुरक्षित आप, सुरक्षित परिवार’

मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम में लोगों से अपील की कि वे दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। उन्होंने रेखांकित किया कि अधिकांश सड़क हादसों में सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण लोगों की जान जाती है, जिसे हेलमेट के नियमित उपयोग से काफी हद तक टाला जा सकता है। एक छोटी सी सावधानी परिवार को अपूरणीय क्षति से बचा सकती है। जशपुर पुलिस ने इस संकल्प के साथ सड़क सुरक्षा को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया है।

मुफ्त की योजनाओं पर देश का खजाना लुटा रहे ये टॉप 10 राज्य, जानें किस राज्य पर है सबसे ज्यादा कर्ज

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

इस शुभारंभ अवसर पर जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति रही:

  • जनप्रतिनिधि: रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, जशपुर विधायक रायमुनि भगत, पत्थलगांव विधायक गोमती साय, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, सुनील गुप्ता, भरत सिंह, अमर सुल्तानिया और कृष्णा राय।

  • प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी: सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, सरगुजा पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. लाल उमेद सिंह सहित अन्य नागरिक मौजूद रहे।

प्रत्यर्पण संधि क्या है? ओमान से लाए गए महादेव ऐप के सौरभ चंद्राकर पर क्यों लागू होंगे खास नियम

इन्हें भी पढ़े