नवा रायपुर में 2 नवंबर को वायुसेना का भव्य एयर शो, आसमान में करतब दिखाएंगे सारंग टीम के 5 हेलीकॉप्टर

Sarang Air Show Raipur. छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस (राज्योत्सव) के अवसर पर प्रदेशवासियों को इस बार आसमान में अदम्य साहस और रोमांच का अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा। 2 नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर स्थित सेंध लेक क्षेत्र में सुबह 11 बजे से भारतीय वायु सेना की विश्वप्रसिद्ध ‘सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम’ भव्य एयर शो प्रस्तुत करेगी।

इस आयोजन के पूर्व, सारंग टीम के सदस्यों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उनके निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने टीम का स्वागत करते हुए कहा कि यह आयोजन प्रदेशवासियों और विशेषकर युवाओं में देशभक्ति व राष्ट्रसेवा का संकल्प मजबूत करेगा।

5 स्वदेशी ‘ध्रुव’ हेलीकॉप्टर दिखाएंगे हैरतअंगेज करतब

सारंग टीम का यह हवाई प्रदर्शन भारत में विकसित उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर (एएलएच) ‘ध्रुव’ के माध्यम से किया जाएगा, जो रक्षा क्षेत्र में ‘आत्मनिर्भर भारत’ का जीवंत उदाहरण है। ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में पांच हेलीकॉप्टर आसमान में अद्भुत सामंजस्य, अत्यंत नजदीकी सामूहिक उड़ान और साहसिक करतबों का प्रदर्शन करेंगे। इन हेलीकॉप्टरों का रंग संयोजन और विशेष डिजाइन भारत के राष्ट्रीय पक्षी मोर से प्रेरित है। उल्लेखनीय है कि विश्व में हेलीकॉप्टरों के माध्यम से एयरोबैटिक प्रदर्शन करने वाली केवल तीन चुनिंदा टीमें हैं, जिनमें सारंग एक है।

बेटियों के लिए प्रेरणा बनेंगी दो महिला पायलट

इस एयर शो का एक प्रमुख आकर्षण टीम में शामिल दो महिला पायलट— स्क्वाड्रन लीडर सुश्री अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर सुश्री अक्षया होंगी। मुख्यमंत्री साय ने इनकी सहभागिता पर विशेष प्रसन्नता जताते हुए कहा कि इन महिला पायलटों का साहस और आत्मविश्वास छत्तीसगढ़ की बेटियों को ऊंचे सपने देखने और रक्षा व विमानन जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में करियर बनाने की प्रेरणा देगा।

युवाओं को मिलेगा राष्ट्रसेवा का संदेश

मुलाकात के दौरान ग्रुप कैप्टन श्री अभिजीत कुमार ने बताया कि सारंग टीम का उद्देश्य केवल करतब दिखाना नहीं है, बल्कि युवाओं को अनुशासन, एकाग्रता और टीम भावना के साथ वायु सेना में शामिल होकर देश सेवा के लिए प्रेरित करना भी है। मुख्यमंत्री ने भी विश्वास जताया कि यह आयोजन युवाओं को बड़े सपने देखने और लक्ष्य प्राप्ति के लिए कठोर परिश्रम करने के लिए प्रोत्साहित करेगा।

इन्हें भी पढ़े