पिंक ऑटो की सवारी, गेड़ी की धुन और मांदर की थाप: हरेली तिहार पर सीएम हाउस बना ‘पारंपरिक गांव’

Hareli Tihar Chhattisgarh CM House. छत्तीसगढ़ की सोंधी माटी की महक, ढोल-मांदर की थाप, गेड़ी का उल्लास और पारंपरिक व्यंजनों की खुशबू! नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास का नजारा आज किसी आधुनिक प्रशासनिक परिसर जैसा नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के किसी समृद्ध और जीवंत गांव जैसा नजर आया। अवसर था प्रदेश के पहले लोक पर्व ‘हरेली तिहार’ का।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने विधि-विधान से भगवान शिव, गौमाता और कृषि औजारों की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, भरपूर फसल और किसानों की खुशहाली की कामना की। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, कैबिनेट मंत्री और बड़ी संख्या में नागरिक इस सांस्कृतिक उत्सव के साक्षी बने।

पिंक ऑटो से अनोखी एंट्री: संगीता यादव के ऑटो में पहुंचे दिग्गजों के कदम

हरेली के रंग में रंगे मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की एंट्री बेहद खास रही। वे पारंपरिक छत्तीसगढ़ी वेशभूषा में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के साथ महिला ऑटो चालक श्रीमती संगीता यादव के ‘पिंक ऑटो’ में सवार होकर कार्यक्रम स्थल पहुंचे। इस अनूठे अंदाज ने वहां मौजूद हर शख्स का दिल जीत लिया।

खेती-किसानी, गौपूजा और पारिजात का पौधा

मुख्यमंत्री ने गौरी-गणेश पूजन के बाद नांगर, रापा, कुदाल और फावड़ा जैसे कृषि यंत्रों की पूजा की। इसके बाद वे गौशाला पहुंचे, जहां गौमाता की आरती उतारकर उन्हें पारंपरिक ‘लोंदी’ (चना-गुड़ और हरा चारा) खिलाया। प्रकृति संरक्षण का संदेश देते हुए सीएम साय और डॉ. रमन सिंह ने परिसर में पारिजात का पौधा भी रोपा।

“हरेली छत्तीसगढ़ की कृषि संस्कृति, प्रकृति और पशुधन के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व है। किसान की समृद्धि ही हमारे प्रदेश की खुशहाली का मजबूत आधार है।”

श्री विष्णुदेव साय, मुख्यमंत्री (छत्तीसगढ़)

ड्रोन दीदी का बिखरा जलवा, किसान को 16 लाख का चेक

कार्यक्रम में आधुनिक तकनीक का समागम भी देखने को मिला:

  • ड्रोन दीदी से संवाद: सीएम साय ने ड्रोन दीदी चंद्रकली वर्मा से बात की, जिन्होंने बताया कि वे 2500 एकड़ से अधिक खेतों में ड्रोन से छिड़काव कर 7 लाख रुपए की आय अर्जित कर चुकी हैं।
  • हार्वेस्टर सब्सिडी: रायपुर के किसान इंद्र कुमार वर्मा को आधुनिक तकनीक अपनाने पर 16 लाख रुपए का सब्सिडी चेक सौंपा गया।

गेड़ी, बिल्लस और पारंपरिक व्यंजनों की धूम

सीएम हाउस परिसर को आम-नीम की पत्तियों और गेंदे के फूलों से सजाया गया था।

  • पारंपरिक खेल: युवाओं और बच्चों ने गेड़ी, बिल्लस, गोटी और बाटी जैसे खेलों का आनंद लिया।
  • छत्तीसगढ़ी व्यंजन: ठेठरी, खुरमी, चीला और बड़ा जैसे व्यंजनों की खुशबू से परिसर महक उठा।
  • सांस्कृतिक रंग: मांदर और ढोलक की धुन पर लोक कलाकारों की प्रस्तुति देख मुख्यमंत्री खुद को रोक नहीं पाए और उनके साथ कदम से कदम मिलाकर झूम उठे।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार किसानों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है, चाहे 3,100 रुपए प्रति क्विंटल धान की खरीदी हो या महतारी वंदन योजना के तहत माताओं-बहनों का संबल।

इन्हें भी पढ़े