मोबाइल से सिंचाई! छत्तीसगढ़ के जशपुर में बगिया बैराज परियोजना से 13 गांवों के किसानों की चमकेगी किस्मत

Bagia Barrage. छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए एक बड़ी और खुश खबरी सामने आई है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले के बगिया स्थित कैंप कार्यालय में 79 करोड़ 38 लाख रुपए की लागत से बनने वाली महत्वकांक्षी ‘बगिया बैराज सह दाबयुक्त उद्वहन सिंचाई परियोजना’ का भूमिपूजन किया है। इस परियोजना के शुरू होने से न केवल अंचल के किसानों की वर्षों पुरानी सिंचाई की समस्या दूर होगी, बल्कि उनकी आय में भी जबरदस्त इजाफा होगा।

किसानों को मिलेंगे ये बड़े लाभ:

  • 13 गांवों का कायाकल्प: मैनी नदी (ग्राम मुसकुटी) पर बनने वाले इस बैराज से बगिया, रजौटी, सुजीबहार, दोकड़ा, पतरापाली और बांसबहार सहित कुल 13 गांवों के 3,921 से अधिक किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।

  • 8,454 हेक्टेयर भूमि होगी सिंचित: इस परियोजना के जरिए कुल 8,454 हेक्टेयर कृषि भूमि को पानी मिलेगा।

  • खरीफ के साथ रबी की खेती: अब तक किसान मुख्य रूप से वर्षा और मौसम पर निर्भर थे, लेकिन इस परियोजना से खरीफ के अलावा रबी की फसल के लिए भी सालभर पानी मिल सकेगा, जिससे किसान साल में एक से अधिक फसल ले सकेंगे।

छत्तीसगढ़ की पहली मोबाइल-ऑपरेटेड आधुनिक सिंचाई तकनीक

इस पूरी परियोजना की सबसे बड़ी खासियत इसकी अत्याधुनिक तकनीक है। अधिकारियों के अनुसार, इस सिंचाई व्यवस्था को मोबाइल के माध्यम से भी संचालित (ऑपरेट) किया जा सकेगा। छत्तीसगढ़ में अपनी तरह की यह पहली आधुनिक तकनीक आधारित सिंचाई परियोजना है, जिससे जल प्रबंधन बेहद आसान और प्रभावी हो जाएगा।

कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती

भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि “खेती-किसानी छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था का आधार है और किसानों की समृद्धि हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।” उन्होंने विश्वास जताया कि समय पर पानी मिलने से कृषि उत्पादन बढ़ेगा, खेती की लागत कम होगी और ग्रामीण इलाकों में आर्थिक समृद्धि के नए द्वार खुलेंगे।

इस ऐतिहासिक सौगात से जशपुर के किसान परिवारों में भारी उत्साह का माहौल है। यह परियोजना क्षेत्र के कृषि विकास और किसानों की खुशहाली की एक मजबूत आधारशिला साबित होने जा रही है।

इन्हें भी पढ़े