गन्ना किसानों को CM साय का तोहफा: अब 425 रुपए प्रति क्विंटल बिकेगा गन्ना, 2025-26 सत्र का भी मिलेगा लाभ
Sugarcane Farmers News. छत्तीसगढ़ के गन्ना उत्पादक किसानों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। राज्य सरकार ने खेती को लाभकारी बनाने और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए गन्ने की समर्थन मूल्य दर में इजाफा किया है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने ऐलान किया है कि अब प्रदेश के शक्कर कारखानों में गन्ने की खरीदी 425 रुपए प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी। यह निर्णय किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने और उन्हें उनकी मेहनत का उचित दाम दिलाने के उद्देश्य से लिया गया है।
किसानों को मिलेगा एरियर का भी लाभ
इस फैसले की सबसे खास बात यह है कि इसका लाभ पूर्व की खरीदी पर भी मिलेगा। सरकार ने स्पष्ट किया है कि पेराई सत्र 2025-26 में जिन किसानों ने अपना गन्ना बेचा है, उन्हें भी उनके भुगतान में इस बढ़ी हुई दर (425 रुपए प्रति क्विंटल) के हिसाब से अंतर की राशि का भुगतान किया जाएगा।
कैसे लिया गया यह अहम निर्णय?
राजधानी रायपुर में भारतीय किसान संघ (छत्तीसगढ़ प्रदेश) के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से मुलाकात की थी। इस बैठक में संगठन मंत्री श्री मनीष शर्मा और महामंत्री श्री नवीन शेष समेत कई पदाधिकारी मौजूद थे। बैठक के दौरान गन्ना किसानों की समस्याओं और उनके उपज के सही दाम का मुद्दा प्रमुखता से उठा। किसानों की भावनाओं का सम्मान करते हुए मुख्यमंत्री ने तुरंत संज्ञान लिया और मौके पर ही गन्ने की नई दरों की घोषणा कर दी। इस बैठक में उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव और श्री विजय शर्मा भी उपस्थित रहे।
अन्नदाता की खुशहाली ही सरकार की प्राथमिकता
इस मौके पर मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि गांवों और किसानों की समृद्धि से ही छत्तीसगढ़ की असल तरक्की संभव है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप हमारी सरकार किसानों की कृषि लागत को कम करने और खेती को एक सम्मानजनक आजीविका बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। किसान के हित हमारी नीतियों के केंद्र में हैं।”
भारतीय किसान संघ ने मुख्यमंत्री के इस त्वरित और किसान हितैषी फैसले का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया है। संघ का मानना है कि इस नई दर से गन्ना किसानों का उत्साह बढ़ेगा और उन्हें अपनी उपज का सही मोल मिल सकेगा।

