किसानों के लिए खुशखबरी : छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी, खुलेंगे 360 नए खरीदी केंद्र!
Dhan Kharidi 2026. छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले किसानों के लिए राज्य सरकार ने बड़ी राहत का ऐलान किया है। अब किसानों को अपना धान बेचने के लिए न तो लंबी कतारों में लगना पड़ेगा और न ही मीलों का सफर तय करना होगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ऐलान किया है कि इस साल 15 नवंबर से धान खरीदी की शुरुआत होगी और किसानों की सहूलियत के लिए प्रदेश में 360 नए धान खरीदी केंद्र खोले जाएंगे।
रायपुर में आयोजित ‘उत्कृष्ट कृषक रत्न सम्मान समारोह’ को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने साफ किया कि अन्नदाताओं की आय बढ़ाना और उन्हें खेती में हर संभव मदद देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्य बातें, जो हर किसान के लिए जानना जरूरी है:
-
360 नए धान खरीदी केंद्र: नए केंद्रों के खुलने से पुरानी मंडियों पर दबाव कम होगा। किसानों को अपने गांव के आस-पास ही धान बेचने की सुविधा मिलेगी, जिससे उनके समय और परिवहन खर्च दोनों की भारी बचत होगी।
-
सिंचाई परियोजनाओं का महा-विस्तार: खेती की लागत कम करने और मानसून पर निर्भरता घटाने के लिए पिछले दो सालों में 10 हजार करोड़ रुपये की नई सिंचाई परियोजनाएं शुरू की गई हैं।
-
1500 पुरानी परियोजनाओं का होगा कायाकल्प: 2,800 करोड़ रुपये की लागत से प्रदेश की 1500 पुरानी सिंचाई परियोजनाओं को फिर से जीवित किया जा रहा है। इससे सीधे तौर पर 76 हजार हेक्टेयर सिंचित रकबा बढ़ेगा।
-
0% ब्याज पर कर्ज: कभी किसानों को 18 प्रतिशत तक का भारी-भरकम ब्याज चुकाना पड़ता था, लेकिन आज किसान क्रेडिट कार्ड के जरिए किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर आसानी से कर्ज मिल रहा है, जिससे वे साहूकारों के चंगुल से मुक्त हुए हैं।
श्रद्धेय मनहरण लाल पाण्डेय की जयंती पर आयोजित इस समारोह में प्रदेशभर से आए प्रगतिशील किसानों को नई तकनीक और नवाचार अपनाने के लिए ‘उत्कृष्ट कृषक रत्न सम्मान’ से भी नवाजा गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 80 प्रतिशत आबादी खेती से जुड़ी है, इसलिए जब किसान खुशहाल होगा, तभी छत्तीसगढ़ सही मायने में समृद्ध बनेगा।

