श्रमिकों के बच्चों को ‘अटल’ संबल: DPS और राजकुमार कॉलेज जैसे स्कूलों में मुफ्त पढ़ाई; CM साय ने दिए 39.67 करोड़

Atal Utkrisht Shiksha Yojana. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित ‘अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना’ सम्मान समारोह में शिरकत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिक हमारे विकास की मजबूत नींव हैं और उनके बच्चों के सपनों को पंख देना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जब श्रमिक परिवारों के बच्चे पढ़-लिखकर आगे बढ़ेंगे, तभी ‘विकसित छत्तीसगढ़’ और ‘विकसित भारत’ का संकल्प साकार होगा।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने शिक्षा, खेल और कला में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों का सम्मान किया और डीबीटी (DBT) के जरिए 1 लाख 45 हजार 841 श्रमिकों के खातों में 39.67 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि सीधे ट्रांसफर की।

अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना: बड़े स्कूलों में मिल रही फ्री शिक्षा

  • दायरे में विस्तार: योजना की शुरुआत पिछले वर्ष 100 बच्चों से हुई थी, जिसे इस वर्ष बढ़ाकर 200 बच्चों तक विस्तारित कर दिया गया है।

  • प्रतिष्ठित संस्थान: प्रदेश के सभी 33 जिलों से चयनित प्रतिभावान बच्चों को राजकुमार कॉलेज (RKC), दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) और रुंगटा पब्लिक स्कूल जैसे प्रतिष्ठित निजी आवासीय विद्यालयों में कक्षा 6वीं से 12वीं तक पूरी तरह निःशुल्क शिक्षा दी जा रही है।

  • उच्च शिक्षा व विदेश अध्ययन: सीएम ने बताया कि प्रदेश में IIT, IIM और AIIMS जैसे संस्थान उपलब्ध हैं। इसके अलावा श्रमिक परिवारों के बच्चों को उच्च शिक्षा लोन और विदेश में पढ़ाई के लिए भी सहायता दी जा रही है।

बच्चों के साथ बैठकर किया भोजन

कार्यक्रम का सबसे भावुक पल तब आया जब मुख्यमंत्री बच्चों के बीच पंगत में बैठे और उनके साथ भोजन किया। बच्चों ने मुख्यमंत्री से उनके बचपन, पढ़ाई और पसंदीदा खाने को लेकर सवाल किए। राजनांदगांव डीपीएस में पढ़ रहे बीजापुर के छात्र अतीश ने आईएएस बनने की इच्छा जताई, वहीं कबीरधाम की छात्रा इशिका डाहरे ने बताया कि कैसे इस योजना ने उनके भीतर अंग्रेजी में धाराप्रवाह बोलने का आत्मविश्वास जगाया है।

श्रमिक कल्याण: ढाई वर्षों में ₹774 करोड़ की मदद

श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने बताया कि श्रम विभाग के तीन मंडलों के जरिए 67 प्रकार की कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। पिछले ढाई वर्षों में 774 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि सीधे श्रमिकों के खातों में भेजी जा चुकी है। बदलते वक्त के साथ पार्सल डिलीवरी बॉयज को वाहन सहायता और चरवाहों को आर्थिक संबल देने की योजना पर भी काम चल रहा है।

समारोह में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक पुरंदर मिश्रा, श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा सहित वरिष्ठ अधिकारी, अभिभावक व बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

इनसाइड स्टोरी : सोशल मीडिया से जंतर मंतर तक कैसे पहुंचा ‘आरक्षण हटाओ’ आंदोलन, हिरासत और सियासत

इन्हें भी पढ़े