NAMASTE Yojana Ranking: छत्तीसगढ़ ने मारी बाजी, 5 राज्यों के साथ संयुक्त रूप से देश में प्रथम

NAMASTE Yojana. केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी ‘नेशनल एक्शन फॉर मैकेनाइज्ड सैनिटेशन इकोसिस्टम’ (NAMASTE) योजना के क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राज्यों की राष्ट्रीय रैंकिंग में छत्तीसगढ़ संयुक्त रूप से देश में प्रथम स्थान पर रहा है। इस सूची में छत्तीसगढ़ के साथ आंध्रप्रदेश, ओडिशा, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश और केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी भी पहले स्थान पर हैं।

उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने इस उपलब्धि पर सभी नगरीय निकायों, विभागीय अधिकारियों और मैदानी अमले को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता स्वच्छता कर्मियों की सुरक्षा, सम्मान और बेहतर कार्य परिस्थितियां सुनिश्चित करना है। स्वच्छता कार्यों में मशीनीकरण को बढ़ावा देकर जोखिमपूर्ण कार्यों को समाप्त करना सरकार की प्रतिबद्धता है।

राज्य में अब तक क्या काम हुआ?

नगरीय प्रशासन विभाग के अनुसार राज्य में अब तक 1487 सीवर एवं सेप्टिक टैंक कर्मियों का सर्वेक्षण कर 1465 का सत्यापन किया जा चुका है। 169 नगरीय निकायों में 1428 कर्मियों को पीपीई किट और 1374 कर्मियों को आयुष्मान भारत कार्ड वितरित किए गए हैं। 139 कर्मियों को व्यावसायिक सुरक्षा प्रशिक्षण (OST) और 923 स्वच्छता कर्मियों को कार्यशाला के जरिए सुरक्षा प्रशिक्षण दिया गया है।

14 जुलाई को प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में ‘नमस्ते दिवस’ आयोजित किया गया था, जिसमें 15 हजार से अधिक स्वच्छता कर्मी, जनप्रतिनिधि और नागरिक शामिल हुए थे।

वेस्ट पिकर्स के लिए भी काम: योजना के तहत 8527 वेस्ट पिकर्स की प्रोफाइलिंग कर 6799 का सत्यापन किया गया है। इनमें से 991 को पीपीई किट और 512 को सुरक्षा प्रशिक्षण दिया गया है। 6287 अन्य वेस्ट पिकर्स को प्रशिक्षण देने की तैयारी चल रही है।

इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम मजबूत: स्वच्छता कर्मियों की आपातकालीन सहायता के लिए राज्य में 47 ERSU (Emergency Response Sanitation Units) स्थापित किए गए हैं। ये 14 नगर निगमों, 24 जिला मुख्यालयों और 9 बड़े निकायों में स्थापित हैं। इनमें से 39 को सुरक्षा किट मिल चुकी है। साथ ही 14420 हेल्पलाइन के माध्यम से त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था बनाई गई है।

रैंकिंग कैसे हुई?

केंद्र ने 100 अंकों के पैमाने पर मूल्यांकन किया। इसमें सत्यापन के लिए 20 अंक, मशीनीकरण (SUY) के लिए 10 अंक, ERSU व हेल्पलाइन के लिए 20 अंक, सामाजिक सुरक्षा कवरेज के लिए 20 अंक और स्वच्छता मृत्यु मामलों में प्रवर्तन व मुआवजे के लिए 30 अंक तय थे। स्वच्छता मृत्यु पर निगेटिव मार्किंग का भी प्रावधान था। इन्हीं मानकों पर छत्तीसगढ़ ने प्रथम रैंक हासिल की है।

गौरतलब है कि ‘नमस्ते’ योजना की शुरुआत 2023 में सीवर, सेप्टिक टैंक, नाली सफाई और STP/FSTP कर्मियों को सुरक्षित व गरिमापूर्ण आजीविका देने और मैनुअल सफाई को खत्म कर जीरो फैटालिटी का लक्ष्य हासिल करने के लिए की गई थी।

इन्हें भी पढ़े