‘सेवा संकल्प अभियान’: रायपुर में महिलाओं के रक्तदान से बना वर्ल्ड रिकॉर्ड, सीएम ने आयुर्वेद को बताया धरोहर

Raktdaan Mahakumbh Raipur. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित आयुर्वेद सेवा सम्मेलन और ‘रक्तदान महाकुंभ’ ने इतिहास रच दिया है। सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में एक ही दिन में 1,000 से अधिक महिलाओं ने रक्तदान कर ‘गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में अपना नाम दर्ज कराया है। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस ऐतिहासिक पहल की सराहना करते हुए इसे मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताया।

आयोजन की मुख्य बातें

  • रक्तदान का विश्व रिकॉर्ड: 1000 से अधिक महिलाओं ने किया रक्तदान, गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड का सर्टिफिकेट सीएम को सौंपा गया।

  • भव्य व्यवस्था: 3600 से अधिक महिलाओं ने पंजीयन कराया था, जिसके लिए 200 बेड लगाए गए थे। कुल 2500 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य रखा गया।

  • प्रोजेक्ट दधीचि: पद्मश्री एवं विधायक अनुज शर्मा सहित 31 लोगों ने लिया देहदान का संकल्प।

  • सामाजिक पहल: जरूरतमंद बच्चों के लिए किताबें, खिलौने और स्टेशनरी का किया गया कलेक्शन।

रक्तदान और देहदान है सर्वोच्च मानव सेवा: सीएम साय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रक्त की प्रत्येक यूनिट किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवन की नई आशा है। उन्होंने ‘प्रोजेक्ट दधीचि’ की विशेष सराहना की, जिसके तहत कार्यक्रम में 31 लोगों ने देहदान का संकल्प लिया। इसके साथ ही इस प्रोजेक्ट के तहत देहदान का संकल्प लेने वालों की संख्या 103 हो गई है। सीएम ने कहा कि जीवन के बाद भी किसी के काम आना मानव सेवा की सबसे बड़ी मिसाल है।

आयुर्वेद भारत की प्राचीन धरोहर

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि आयुर्वेद भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयुर्वेद और योग को वैश्विक पहचान मिली है। राज्य सरकार भी आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ-साथ आयुर्वेदिक चिकित्सा को बढ़ावा दे रही है ताकि नागरिकों को बेहतर और समग्र स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

प्रदेश में तेजी से सुधर रही स्वास्थ्य अधोसंरचना: श्याम बिहारी जायसवाल

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि 17 सितंबर (पीएम मोदी के जन्मदिन) से 17 अक्टूबर तक प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने राज्य की स्वास्थ्य उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि जगदलपुर और बिलासपुर में सुपर स्पेशलिटी सेवाएं शुरू की जा रही हैं। रायपुर (एनआईटी के सामने) में 100 बिस्तरों वाले नए आयुर्वेदिक अस्पताल और बिलासपुर में आयुर्वेदिक अस्पताल के नए भवन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, पद्मश्री एवं विधायक अनुज शर्मा सहित प्रशासन और सेना के कई बड़े अधिकारी एवं भारी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे।

इन्हें भी पढ़े