सेंट्रल इंडिया का सबसे बड़ा टेक्सटाइल हब बनने की राह पर छत्तीसगढ़, केंद्र देगा भरपूर सहयोग
Chhattisgarh Textile Hub. छत्तीसगढ़ अब सिर्फ अपनी प्राकृतिक संपदा और खनिज के लिए ही नहीं, बल्कि परिधान और वस्त्र उद्योग (टेक्सटाइल एवं अपैरल मैन्युफैक्चरिंग) के एक बड़े केंद्र के रूप में देश के नक्शे पर उभरने जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने नई दिल्ली में केंद्रीय वस्त्र मंत्री श्री गिरिराज सिंह से मुलाकात कर राज्य में टेक्सटाइल क्षेत्र के विस्तार, नए निवेश और रोजगार सृजन की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की। केंद्रीय मंत्री ने राज्य के प्रयासों की सराहना करते हुए आधुनिक तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में केंद्र की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
औद्योगिक नीति 2024-30: टेक्सटाइल को मिला ‘थ्रस्ट सेक्टर’ का दर्जा
मुख्यमंत्री श्री साय ने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि राज्य सरकार ने अपनी औद्योगिक विकास नीति (2024-30) में टेक्सटाइल सेक्टर को ‘थ्रस्ट सेक्टर’ घोषित किया है।
-
इस क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देने के लिए निवेशकों को आकर्षक अनुदान और विशेष रियायतें दी जा रही हैं।
-
श्रम-आधारित उद्योग होने के कारण स्थानीय युवाओं को रोजगार देने वाली इकाइयों पर विशेष ध्यान दिया गया है। 1,000 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार देने वाले उद्योगों के लिए नीति में विशेष प्रोत्साहन का प्रावधान किया गया है।
-
इससे प्रदेश के युवाओं और विशेष रूप से महिलाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के नए अवसर खुल रहे हैं।
नवा रायपुर में तैयार हो रहा संपूर्ण मैन्युफैक्चरिंग इको-सिस्टम
मुख्यमंत्री ने बताया कि नवा रायपुर अटल नगर में टेक्सटाइल यूनिट्स की स्थापना का काम तेज गति से जारी है। सरकार का विजन यहां केवल कारखाने लगाना नहीं, बल्कि एक ऐसा समग्र इको-सिस्टम विकसित करना है जहां डिजाइनिंग, अत्याधुनिक तकनीक, कौशल विकास, उत्पादन और मार्केटिंग एक ही छत के नीचे उपलब्ध हों। इससे सहायक उद्योगों और स्थानीय उद्यमिता को भी नई ऊर्जा मिलेगी।
चांपा के कोसा और NIFT का संगम: पारंपरिक कला को मिलेगा नया बाजार
बैठक में छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक वस्त्र परंपरा को आधुनिक बाजार से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।
-
चांपा और आसपास के अंचलों का विश्वप्रसिद्ध ‘कोसा सिल्क’ राज्य की सांस्कृतिक धरोहर है।
-
प्रदेश में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (NIFT) की स्थापना से स्थानीय बुनकरों और शिल्पकारों को आधुनिक फैशन डिजाइनिंग, ब्रांडिंग और उन्नत तकनीक का सीधा लाभ मिलेगा।
-
NIFT और औद्योगिक इकाइयों के बीच समन्वय से डिजाइन से लेकर मैन्युफैक्चरिंग तक एक मजबूत ‘वैल्यू चेन’ विकसित होगी, जिससे कोसा सहित राज्य के पारंपरिक वस्त्रों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंच मिलेगा।
सेंट्रल इंडिया का बड़ा हब बनने की क्षमता: गिरिराज सिंह
केंद्रीय वस्त्र मंत्री श्री गिरिराज सिंह ने राज्य की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि वैश्विक और घरेलू स्तर पर वस्त्र उद्योग में असीम संभावनाएं हैं। छत्तीसगढ़ में उपलब्ध संसाधन, निवेश-हितैषी नीतियां और रोजगार-केंद्रित दृष्टिकोण इसे मध्य भारत का प्रमुख टेक्सटाइल हब बनाने में पूरी तरह सक्षम हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि केंद्र सरकार आधुनिक तकनीक, नवाचार और युवाओं के कौशल विकास में राज्य को पूरा सहयोग देगी।

