CM साय की बड़ी सौगात: मिलेगी ई-बाइक, ई-रिक्शा के लिए अब 1 लाख की मदद, खातों में भेजे गए 51 करोड़ रुपए
Shramik Mahasammelan Chhattisgarh. विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर छत्तीसगढ़ के श्रमिकों को राज्य सरकार ने कई बड़ी सौगातें दी हैं। रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय श्रमिक महासम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने श्रमिकों की आय, सुविधा और आवागमन को बेहतर बनाने के लिए तीन बड़ी घोषणाएं कीं। इसके साथ ही प्रदेश के 1.43 लाख से अधिक श्रमिकों के बैंक खातों में 51.32 करोड़ रुपए से अधिक की सहायता राशि सीधे (DBT) ट्रांसफर की गई।
मुख्यमंत्री ने श्रमिकों को ‘विकसित छत्तीसगढ़ का विश्वकर्मा’ बताते हुए उनके जीवन में सुरक्षा और समृद्धि सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जताई।
श्रमिक हित में मुख्यमंत्री की 3 बड़ी घोषणाएं:
-
आधुनिक श्रमिक सुविधा केंद्र: रोजगार की तलाश में शहरों के चौराहों पर एकत्र होने वाले श्रमिकों के लिए सर्वसुविधायुक्त केंद्र बनेंगे। यहां स्वच्छ पेयजल, मोबाइल चार्जिंग और बैठने की उचित व्यवस्था होगी।
-
ई-बाइक सहायता योजना: काम के लिए लंबी दूरी तय करने वाले पंजीकृत श्रमिकों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए ई-बाइक सहायता योजना शुरू की जाएगी।
-
ई-रिक्शा अनुदान में 100% की वृद्धि: असंगठित क्षेत्र के रिक्शा चालकों को ई-रिक्शा खरीदने के लिए दी जाने वाली 50 हजार रुपए की सहायता राशि को बढ़ाकर अब 1 लाख रुपए कर दिया गया है।
शिक्षा और सपनों को उड़ान: मनिंदर कौर का पूरा खर्च उठाएगी सरकार
राज्य सरकार की ‘अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना’ के तहत अब 100 की जगह 200 प्रतिभावान बच्चों को प्रतिष्ठित निजी आवासीय विद्यालयों में निःशुल्क शिक्षा दी जाएगी। कार्यक्रम में एक बेहद प्रेरक क्षण तब आया जब श्रमिक परिवार की बेटी मनिंदर कौर को मुख्यमंत्री ने लैपटॉप और 1.75 लाख रुपए का चेक प्रदान किया। मनिंदर ने जेईई (JEE) पास कर NIT सूरत में दाखिला लिया है। मुख्यमंत्री ने मंच से घोषणा की कि मनिंदर की इंजीनियरिंग की पढ़ाई का पूरा खर्च अब श्रम विभाग उठाएगा।
महिलाओं को ई-रिक्शा की चाबी और आत्मनिर्भरता की राह
दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना के तहत 100 महिला श्रमिकों (श्रमिक दीदियों) को ई-रिक्शा की चाबी सौंपी गई। श्रम एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने बताया कि इस योजना के तहत दी जाने वाली सहायता राशि भी 1 लाख से बढ़ाकर 1.5 लाख रुपए कर दी गई है। मुख्यमंत्री और श्रम मंत्री ने खुद हितग्राही यशोदा विश्वकर्मा के ई-रिक्शा में बैठकर सफर किया और महिलाओं का उत्साहवर्धन किया।
श्रमिक महिलाओं के साथ किया भोजन, जाना हाल-चाल
प्रोटोकॉल से इतर एक आत्मीय दृश्य तब दिखा जब मुख्यमंत्री साय ने प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आईं श्रमिक बहनों के साथ बैठकर दोपहर का भोजन किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं से उनके परिवार, बच्चों की पढ़ाई और सरकारी योजनाओं के लाभ मिलने में आ रही जमीनी हकीकत पर चर्चा की।
पीएम मोदी के लिए जलाया ‘आशीर्वाद का दीया’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने और उनके जन्मदिन के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री साय ने हजारों श्रमिकों के साथ ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित कर उनके दीर्घायु होने की कामना की।
डिजिटल तकनीक से पारदर्शी हो रहीं योजनाएं
श्रमिकों को योजनाओं का लाभ आसानी से दिलाने के लिए मुख्यमंत्री ने नवीन उपकर कटौती वेबसाइट और पीवीसी (PVC) व क्यूआर (QR) कोड युक्त नवीन श्रमिक पंजीयन कार्ड का भी विमोचन किया। श्रम विभाग के तीन मंडलों द्वारा वर्तमान में 67 कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनके माध्यम से पिछले ढाई वर्षों में श्रमिकों को 1000 करोड़ रुपए से अधिक का लाभ दिया जा चुका है।
सम्मेलन में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक सुनील सोनी, पुरन्दर मिश्रा सहित छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह और कई अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने आगामी दिनों में 3000 युवाओं के लिए रोजगार मेला आयोजित करने की जानकारी भी दी।

