रिसाली के लिए बड़ी खुशखबरी: 101 करोड़ के विकास कार्यों के साथ ई-बस और 134 करोड़ की जल योजना का ऐलान
CM Vishnu Deo Sai. नगर पालिक निगम रिसाली के नागरिकों के लिए मंगलवार का दिन विकास की नई सौगातों लेकर आया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने क्षेत्र को कुल 10,102.45 लाख रुपये (लगभग 101 करोड़ रुपये) की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। कार्यक्रम के दौरान 27 कार्यों का भूमिपूजन और 2 प्रमुख कार्यों का लोकार्पण किया गया, वहीं पेयजल और सार्वजनिक परिवहन को लेकर भी बड़ी घोषणाएं सामने आईं।
ई-बस और 134 करोड़ की जल योजना का ऐलान
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि आने वाले दिनों में रिसाली निगम क्षेत्र को ई-बस सेवा से जोड़ा जाएगा, जिससे शहर के लोगों को आधुनिक और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन मिल सकेगा। उन्होंने विधायक ललित चंद्राकर की मांग पर क्षेत्र में जल शुद्धिकरण और ओवरहेड टैंक निर्माण के लिए 134 करोड़ रुपये की बड़ी घोषणा की। इसके अलावा:
-
वार्ड क्रमांक 1 से 40 तक नाली सुदृढ़ीकरण के लिए 2 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।
-
नेवई और जोरातराई में मुक्तिधाम उन्नयन के लिए 50-50 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
सड़क, नाली और कैंपस का होगा कायाकल्प
आयोजित कार्यक्रम में नगर निगम रिसाली के अंतर्गत 2955.20 लाख रुपये के 22 कार्यों का भूमिपूजन और 3956.34 लाख रुपये के 2 कार्यों का लोकार्पण हुआ। इसके अतिरिक्त लोक निर्माण विभाग के 2806.70 लाख रुपये के एक कार्य तथा मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के तहत 384.21 लाख रुपये के 4 कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
प्रमुख कार्यों में आजाद मार्केट से प्रगति नगर होते हुए मैत्री कुंज तक 10.84 करोड़ रुपये से नाला निर्माण, डीपीएस चौक से जोहार चौक तक 5.59 करोड़ रुपये से सड़क विकास और वार्ड 18 में लगभग 1.95 करोड़ रुपये से ओवरहेड टैंक निर्माण शामिल हैं। मैत्री नगर में उद्यान, स्ट्रीट लाइट व हाईमास्क लाइट के लिए 1.65 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जबकि तालपुरी, रूआबांधा, डुंडेरा पश्चिम, नेवई और सक्ती विहार में भी विभिन्न विकास कार्य किए जाएंगे। साथ ही छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (CSVTU) नेवई भिलाई में करीब 28.07 करोड़ रुपये से नए आवास, बालक छात्रावास और वर्कशॉप भवन का निर्माण होगा।
योजनाओं का लाभ और सरकार के तीन साल
मुख्यमंत्री ने कहा कि 13 दिसंबर को प्रदेश सरकार के तीन साल पूरे होने जा रहे हैं और इस दौरान ‘मोदी की गारंटी’ के कई वादे पूरे किए गए हैं। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत 68 लाख महिलाओं को प्रतिमाह लाभ मिल रहा है (अब तक 35 किस्तें जारी), 18 लाख गरीबों के आवास में से 12 लाख बन चुके हैं और 15 नवंबर से 3,100 केंद्रों पर 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी जारी है।
पीएम मोदी की सोना कम खरीदने की सलाह खरी साबित हुई, अब लखनऊ के मंच से मोदी ने किया नया बड़ा इशारा
कार्यक्रम में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के 95 हितग्राहियों को सामग्री, चेक और प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए। दिव्यांग हितग्राहियों को मोटराइज्ड ट्रायसाइकिल, ट्रायसाइकिल, व्हीलचेयर और श्रवण यंत्र भी सौंपे गए।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि रिसाली के विकास में धन की कमी नहीं होने दी जाएगी। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, विधायक ललित चंद्राकर व रिकेश सेन, सांसद विजय बघेल, महापौर अलका बाघमार व शशि सिन्हा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

