देश में पहली बार ‘सुई और एंडोस्कोपिक कैमरे’ से पेपर लीक: न सील टूटी न लिफाफा फटा; IGKV कांड में 6 गिरफ्तार

ऐसे हुआ था पेपर लीक का खुलासा

20 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक प्रदेश के सभी 28 कृषि महाविद्यालयों में एजीसीएच-221 (कीटशास्त्र) की परीक्षा होनी थी। परीक्षा शुरू होने से पहले ही सुबह करीब 8:41 बजे कृषि महाविद्यालय कवर्धा और अन्य अधिकारियों को ईमेल तथा व्हाट्सएप पर प्रश्न पत्र के वायरल होने की सूचना मिली। पुष्टि होने के बाद विश्वविद्यालय के परीक्षा प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. एन. आर. रंगारे की शिकायत पर थाना तेलीबांधा में अपराध दर्ज किया गया।

सुई से छेद कर मोबाइल से की थी रिकॉर्डिंग

पुलिस जांच में सामने आया कि भारती एग्रीकल्चर कॉलेज, दुर्ग में पदस्थ प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया इस पूरे कांड का मास्टरमाइंड है। वह 17 अगस्त को उत्तर पुस्तिकाएं जमा करने और आगामी परीक्षाओं के प्रश्न पत्र लेने रायपुर कृषि महाविद्यालय आया था। कॉलेज पहुंचने के बाद उसने कीटशास्त्र के प्रश्न पत्र का लिफाफा अलग कर अपने घर ले गया। वहां उसने सुई और नुकीले उपकरण से लिफाफे में बारीक छेद किया और मोबाइल कैमरे से प्रश्न पत्र की वीडियो रिकॉर्डिंग कर ली।

11 हजार रुपये में बेचा गया पर्चा

प्रोफेसर ने प्रश्न पत्र की सामग्री अपने ही कॉलेज के छात्र अजय नायक और दो अन्य छात्रों को 11,000 रुपये में बेच दी। इसके बाद छात्र अजय नायक के माध्यम से यह पेपर अन्य छात्रों—त्रिदेव पटेल, नितिन पाण्डेय, अनुज मिंज और आदित्य साहू तक पहुंचा और सोशल मीडिया पर फैल गया।

100 जवानों की टीम ने जिलों में दी दबिश

साइबर सेल ने वायरल सामग्री, सोशल मीडिया टाइमलाइन और डिजिटल साक्ष्यों का तकनीकी विश्लेषण किया। इसके बाद रायपुर, दुर्ग, कबीरधाम और बिलासपुर सहित कई जिलों में 100 से अधिक पुलिसकर्मियों की टीम भेजकर दबिश दी गई।

जब्ती एवं वैधानिक कार्रवाई

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹11,000 नकद, 6 मोबाइल फोन, वीडियो रिकॉर्डिंग डिवाइस, केबल तार, सुई, सूजा, कॉपी और फेविकोल बरामद किया है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम, 2008 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316 के तहत कार्रवाई की गई है। मामले में शामिल 2 अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

गिरफ्तार आरोपी

  1. योगेश सोनकेसरिया (38 वर्ष) – प्रोफेसर, भारती एग्रीकल्चर कॉलेज, दुर्ग (मूल निवासी सिवनी, म.प्र.)

  2. अजय नायक (20 वर्ष) – छात्र (निवासी बलौदा बाजार)

  3. त्रिदेव पटेल (22 वर्ष) – छात्र (निवासी महासमुंद)

  4. नितिन पाण्डेय (22 वर्ष) – छात्र (निवासी बस्तर)

  5. अनुज मिंज (22 वर्ष) – छात्र (निवासी जशपुर)

  6. आदित्य साहू (20 वर्ष) – छात्र (निवासी बालोद)

इन्हें भी पढ़े