छत्तीसगढ़ में 8.23 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव, ‘अग्र महाकुंभ’ में नई औद्योगिक नीति और स्टार्टअप मिशन का शंखनाद

Chhattisgarh Industrial Policy. छत्तीसगढ़ में रोजगार और निवेश के नए द्वार खुल रहे हैं। राज्य को अब तक 8 लाख 23 हजार करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंबिकापुर में आयोजित दो दिवसीय ‘अग्र महाकुंभ-2026’ का शुभारंभ करते हुए प्रदेश के औद्योगिक विकास, युवाओं के रोजगार और व्यापार जगत के लिए कई अहम घोषणाएं और नीतियां साझा कीं।

रोजगार केंद्रित औद्योगिक नीति और स्टार्टअप को बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की औद्योगिक नीति 2024-30 पूरी तरह से रोजगार केंद्रित है। इसमें सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (MSME) को प्रोत्साहन देने के साथ पर्यटन को भी ‘उद्योग’ का दर्जा दिया गया है। युवाओं की उद्यमशीलता को उड़ान देने के लिए सरकार ने ‘मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन’ को मंजूरी दी है।

मिशन की मुख्य बातें

  • 500 करोड़ का बजट: आगामी पांच वर्षों के लिए इस मिशन में 500 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।

  • 33 जिलों में विस्तार: प्रदेश के सभी 33 जिलों में ‘उद्यमिता विकास केंद्र’ स्थापित किए जाएंगे।

  • नई तकनीक पर जोर: 100 इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब और 5 इंडस्ट्री सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाए जाएंगे।

  • निर्यात नीति: स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने के लिए ‘छत्तीसगढ़ निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30’ को मंजूरी दी गई है।

अग्रवाल समाज के योगदान की सराहना

मुख्यमंत्री ने महाराजा अग्रसेन के आदर्शों (समानता, करुणा और सहयोग) को याद करते हुए अग्रवाल समाज की दानशीलता और समाजसेवा की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि कोरोना जैसी वैश्विक महामारी के दौरान ऑक्सीजन और राशन व्यवस्था में समाज ने जो सेवाभाव दिखाया, वह अनुकरणीय है। मुख्यमंत्री ने महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और युवाओं से केवल नौकरी खोजने के बजाय रोजगार प्रदाता बनने की अपील की।

सरगुजा में पर्यटन और कृषि आधारित उद्योगों की अपार संभावनाएं

मुख्यमंत्री साय ने सरगुजा अंचल में पर्यटन, होम-स्टे, कृषि आधारित उद्योग और खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में बड़े और अनुभवी उद्यमियों से निवेश करने का आह्वान किया, ताकि स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन हो सके।

ट्रेड फेयर का उद्घाटन और ‘अग्रकुल दर्शन’ का विमोचन

इस भव्य आयोजन में मुख्यमंत्री ने ‘ट्रेड फेयर’ का फीता काटकर शुभारंभ किया और उद्यमियों के उत्पादों का अवलोकन किया। साथ ही मंच से ‘अग्रकुल दर्शन’ पत्रिका का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य और योग जैसे विषयों को शामिल किए जाने की भी सीएम ने प्रशंसा की। समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को ‘दशम अग्र अलंकरण’ से सम्मानित किया गया।

समानता और सहयोग है असली समृद्धि: पर्यटन मंत्री

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि अग्र महाकुंभ सामूहिक चेतना और भविष्य की दिशा तय करने का अवसर है। समृद्धि का असली अर्थ महाराजा अग्रसेन जी की सोच के अनुरूप समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे बढ़ाना है।

इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति

इस महाकुंभ में सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज, बसना विधायक संपत अग्रवाल, छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री अमर अग्रवाल, कलेक्टर अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल सहित देशभर से आए अग्रवाल समाज के राष्ट्रीय व प्रांतीय पदाधिकारी और आम जन मौजूद रहे।

इन्हें भी पढ़े