करमा महोत्सव से सरगुजा-बलरामपुर को नई रफ्तार: ये मिली सौगात, वृद्धजन क्लिनिक व ‘बालभोग’ पर खास फोकस
Karma Mahotsav. बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के वाड्रफनगर विकासखंड अंतर्गत रघुनाथनगर के शासकीय हाई स्कूल मैदान में आयोजित करमा महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने क्षेत्रवासियों को 71 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत के 694 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 54 करोड़ 21 लाख रुपये के 672 कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास और 17 करोड़ 27 लाख रुपये के 22 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने करमा देव को नमन करते हुए क्षेत्रवासियों को करमा महोत्सव की बधाई व शुभकामनाएं दीं।
जनसंस्कृति का सम्मान, दूरस्थ अंचलों तक विकास का संकल्प
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और परंपराएं अमूल्य धरोहर हैं। करमा महोत्सव लोकआस्था, प्रकृति के प्रति सम्मान और सामाजिक एकजुटता का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इन परंपराओं के संरक्षण व संवर्धन के साथ दूरस्थ और जनजातीय अंचलों में विकास की नई संभावनाओं को साकार कर रही है, ताकि हर गांव, हर परिवार और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचे।
नई घोषणाएं: पर्यटन, बिजली और प्रशासनिक सुविधाओं का विस्तार
मुख्यमंत्री साय ने क्षेत्र की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई अहम घोषणाएं कीं:
-
वाड्रफनगर में उप पंजीयक कार्यालय भवन का निर्माण।
-
रघुनाथनगर एवं बरतीकला ग्राम पंचायतों में मंगल भवन का निर्माण।
-
महेवा ग्राम पंचायत में विद्युत सब स्टेशन की स्थापना।
-
प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर रकसगंडा को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना।
-
वाड्रफनगर का अधूरा नगर वन पार्क पूरा करना।
भूमिपूजन और लोकार्पण के प्रमुख कार्य
सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने वाले प्रमुख कार्यों में शामिल हैं:
-
भगवानपुर से मेंढ़ारी तथा डिण्डो-विमलापुर-नावाडीह सड़क निर्माण।
-
सात नल-जल योजनाएं।
-
रामानुजगंज अस्पताल में डायलिसिस यूनिट।
-
12 आंगनबाड़ी भवन।
-
राजपुर में एसडीएम कार्यालय भवन तथा चान्दो में तहसील कार्यालय भवन सहित अन्य विकास कार्य।
किसानों और महिलाओं के लिए योजनाओं पर स्पष्टता
-
धान खरीदी और आदान सहायता: मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी हो रही है और सुविधा के लिए इस वर्ष 360 नए धान खरीदी केंद्र खोले गए हैं। कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन किसानों की उपज प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम है, उन्हें भी पूरी आदान सहायता राशि मिलेगी।
-
महतारी वंदन और सुशासन: महतारी वंदन योजना के माध्यम से 68 लाख से अधिक महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये प्रदान किए जा रहे हैं, जिससे आर्थिक सुरक्षा व आत्मनिर्भरता को बल मिला है। सुशासन एवं अभिसरण विभाग के जरिए प्रशासनिक व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावी व जवाबदेह बनाया जा रहा है।
‘वृद्धजन क्लिनिक’ का शुभारंभ और 7,259 लोगों का उपचार
कार्यक्रम में जिला प्रशासन की पहल ‘वृद्धजन क्लिनिक’ (‘स्वस्थ वृद्ध, खुशहाल जीवन’ ध्येय के साथ) का शुभारंभ किया गया। वरिष्ठ नागरिकों के लिए इसमें पृथक पंजीयन काउंटर, चिकित्सकीय जांच व विशेषज्ञ परामर्श के साथ जेरियाट्रिक फिजियोथेरेपी, इन्फ्रारेड थेरेपी, मसाज चेयर और आयुष चिकित्सा पद्धति के अंतर्गत शिरोधारा जैसी सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी।
इसके अतिरिक्त आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर में 7,259 लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिला। मुख्यमंत्री ने सेवाभाव से कार्य कर रहे चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों का आभार जताया, वहीं समीप में विशेषज्ञ इलाज पाकर महिलाओं ने प्रसन्नता व्यक्त की।
पीएम मोदी की सोना कम खरीदने की सलाह खरी साबित हुई, अब लखनऊ के मंच से मोदी ने किया नया बड़ा इशारा
कुपोषण के विरुद्ध ‘बालभोग’ नवाचार और जनप्रतिनिधियों के विचार
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने बताया कि जनवरी 2012 में गठित बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण व ग्रामीण आजीविका के क्षेत्र में निरंतर प्रगति हो रही है। बच्चों में कुपोषण दूर करने के लिए शुरू किए गए ‘बालभोग’ नवाचार के तहत ग्रामीण महिलाएं रागी, सत्तू और श्रीअन्न से पौष्टिक लड्डू बनाती हैं, जिन्हें पोषण सखियां घर-घर जाकर कुपोषित बच्चों को अपने सामने खिलाती हैं और प्रगति का नियमित रिकॉर्ड रखती हैं।
YouTube : एक ही व्यूज पर अमेरिकी चैनलों को क्यों मिलता है कई गुना ज्यादा पैसा? जानें भारत की असली स्थिति
सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण व बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से सकारात्मक बदलाव दिख रहा है। प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने कहा कि जनजातीय व दूरस्थ क्षेत्रों में विकास को नई गति मिली है। कार्यक्रम में पूर्व गृहमंत्री एवं वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरामुनि निकुंज, जनपद पंचायत वाड्रफनगर की अध्यक्ष शशि सिंह पोर्ते सहित अन्य जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

