CM साय की बड़ी घोषणा: 6,671 स्कूलों में बनेंगे बेटियों के लिए शौचालय, 500 करोड़ के AI मिशन से संवरेगा युवा भविष्य
CM Vishnu Deo Sai on 15 August 2026. 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को बधाई व शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक घोषणाएं करते हुए कहा कि नक्सलवाद से मुक्त होकर अब छत्तीसगढ़ शांति, विकास और समृद्धि की एक नई यात्रा पर अग्रसर है।
मुख्यमंत्री ने बेटियों की सुविधा और गरिमा के लिए ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान की घोषणा की, जिसके तहत प्रदेश के 6,671 शासकीय स्कूलों में विशेष रूप से बालिकाओं के लिए शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही, ‘विकसित भारत-जी राम जी योजना’ के अंतर्गत 6,524 गांवों में मुक्तिधाम और प्रतीक्षालय बनाए जाएंगे।
मुख्य घोषणाएं एवं प्रमुख बिंदु:
-
बस्तर में शांति और ‘सेवा डेरा’: मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प से नक्सलवाद पर ऐतिहासिक सफलता मिली है। बस्तर में ‘नियद नेल्ला नार 2.0’ और ‘बस्तर मुन्ने अभियान’ के जरिए 39 लाख लोगों तक विकास योजनाएं पहुंचाई जा रही हैं। 10 लाख परिवारों की आय बढ़ाने के लिए 4,824 करोड़ रुपये की आजीविका योजना तैयार की गई है।
-
किसानों की समृद्धि: किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल (21 क्विंटल/एकड़) की दर से धान की खरीद जारी है। फसल विविधीकरण के लिए 15 हजार रुपये प्रति एकड़ आदान सहायता दी जा रही है।
-
महिला व गरीब कल्याण: ‘महतारी वंदन योजना’ के तहत अब तक 19,444 करोड़ रुपये अंतरित किए जा चुके हैं और राज्य में 13.85 लाख महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बनी हैं। प्रदेश में अब तक 24.50 लाख पक्के मकान स्वीकृत हो चुके हैं।
-
युवा और रोजगार: सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता के लिए ‘छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल’ का गठन किया गया है। 7,000 पुलिसकर्मियों, 3,946 शिक्षकों और 1,235 बिजली कर्मियों की भर्ती प्रक्रिया गतिमान है। अग्निवीरों को सीधी भर्ती में 10% आरक्षण देने का निर्णय लिया गया है।
-
तकनीक और AI मिशन: राज्य में 500 करोड़ रुपये के ‘छत्तीसगढ़ राज्य AI मिशन’ को मंजूरी दी गई है, जिसके तहत 100 AI डेटा लैब, 5 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और देश का पहला AI SEZ तैयार होगा।
-
संस्कृति एवं पर्यटन: पद्मविभूषण डॉ. तीजन बाई के नाम पर राज्य अलंकरण और छत्तीसगढ़ी सिनेमा के विकास के लिए ‘चित्रोत्पला फिल्म सिटी’ के निर्माण की घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में विकसित छत्तीसगढ़ की केंद्रीय भूमिका होगी।

